आज है गोप अष्टमी आई,
गोसदन गोधाम गोशाला,
खूब सजी है भाई ॥
गौओं का शिंगार है सुन्दर ।
हर बछड़े पै निखार है सुन्दर ॥
चमक रहे खुर सींग स्वर्णी,
शोभा वरन न जाई - आज...
आरती पूजा थाल सजे हैं।
गाजे बाजे खूब बजे हैं ॥
बरस रहे हैं फूल सुगन्धित,
महक रही पुरवाई - आज...
गोनाम कीर्तन की मस्ती ।
रस में डूबी है सब बस्ती ॥
संत भक्त गुणगान करत हैं,
जै जैकार बुलाई - आज...
कर परिकरमा नमस्कार कर ।
गो वरदान से झोली लो भर ॥
गोमेले में आज ‘मधुप’ तुम,
करलौ दर्श कन्हाई - आज...