वन्दना
प्रथम सतगुरु सिमरके, धंरू गौरीसुत ध्यान
इष्ट-देव, कुल-देवता, करो नाथ कल्याण ॥
आसन मेरा शुद्ध करो, हरो शोक सन्ताप ।
रखो संगल से बांधकर, राक्षस भूत पिशाच ॥
सुन्दर मन्दिर सजिया, रखा सिंघासन थाप ।
जगमग जगमग दीप जगे, आन बिराजो आप ॥
पुष्प भभूति आरती, खिचड़ी पड़ी तैयार ।
अब तो बावा भानू जी, देवो खोल द्वार ॥
कोई लावां, मुण्डन करें, करे नाम - संस्कार ।
हाथ जोड़ कर सब खड़े, दाता के दरबार ॥
धागा तेरे नाम का, बंधा सभी परिवार ।
हे कुलदेवता कुल को, देवो आज दीदार ॥
नाथ सदा ही रखना, निज चरणों के पास ।
दुःख, संकट, पीड़ा हरण, हर लेना यम त्रास ॥
दास ‘मधुप’ की बेनती, यही आस अरदास ।
करदो पूर्ण कामना, कर दो कारज रास ॥